Wednesday, May 22, 2019

इधर भी, उधर भी



हवाई जहाज ने खींच दिया
आसमान में एक लकीर

मादरचोद इधर भी
मादरचोद उधर भी

वो देखो
वो लकीर अब नहीं दिख रहा



इतनी कड़वी दवाईयाँ पी चुका



इतनी कड़वी दवाईयाँ पी चुका
कि अब मीठी गोली बेईमान लगती है

थक गयी सबको खुश करते करते
अब समझा वो क्यूँ परेशान लगती है

बनो खुद में ही कुछ, बनो खुद अपने जैसे
ये मशहूर अदाएँ एक समान लगती हैं



Tuesday, March 19, 2019

सोचता हूँ



अरसे से बस जोतता रहा हल, यहीं देहात में
सोचता हूँ अब शहर जाऊँ, चार पैसे कमा आऊँ

करता रहा भला, जहाँ जितना भी हो सका
सोचता हूँ अब उनका नाम-पता खोज आऊँ

बहुत सहूलियत से थामता रहा इन रिश्तों के डोर
सोचता हूँ अब मँझा बना इनसे पतंग लड़ा आऊँ


Wednesday, September 29, 2010

कछुआ जलाओ रे, बहुत मच्छर है



कैसा है ये कुबड़ा पहाड़
दुबका हुआ चुपचाप ?
और देखो इस सूरज को-
जिसे कान खींच
ले जाया जाता वापस
हर शाम
तारें कर रहे हैं उठक-बैठक
चाँद है बाहर मुर्गा बना
आसमान का छाता है छिदा हुआ
जिससे चू जाती बासी बारिश
बादल हैं बिखरे रुवें
जिस बिस्तर पे अभी शाम को पड़ी छड़ी
ये ओस हैं रात के आँसू
जो रोता कमरे में बंद पड़ा
देखने जो नहीं मिलता
दुनिया की टी वी
भोर को रोज़ पड़ती है डाँट
संवारता नहीं है चादर अपना समय से
दोपहर का है खाना बंद
मोटा गया है सो-सो के


कुछ लोग



विकासक्रम ने बो दिया
हमारा एक वंश वृक्ष
जो चलता आ रहा सदियों से
फैलाता अपनी भुजाएँ
बनता विशालकाय
मानव रजिस्टर के पन्नों से परे
निचोड़ पूरे मनुष्य को
अपने भुजंग चपेट में

मैं भी हूँ इसके एक सिरे का अंश
ला पटकाया यहाँ अपनी इस नोक पे
न जाने किन गहन लम्बे रास्तों से होते
लग गए कितने ज़माने इस धारणा के जन्म में
जिसे आज 'मैं' कह संबोधित करता हूँ

अब पहुँच कर यहाँ, है मेरे कन्धों पर
दायित्व और बिना कोई शक के उम्मीद
अपने इस सिरे को आगे फैलाने का
क्यूंकि ये जो पेड़ है, ये इंसानों की ज़िन्दगी
की गोबर खा फूलता-फलता है, किस्म जो भी हो-
ज़िन्दगी आगे बढ़ रही, तो यह भी आगे बढ़ रहा

मेरे इस नव अंकुरित छोर को आगे बढ़ाने की
अपेक्षा कर रहे इस दानवी वृक्ष के कंकाल,
कंकाल ही- क्यूंकि अब वो पुरातन पूर्वज तो
अपनी हाड़-मांस त्याग सोये पड़े हैं कहीं
बची उनकी आस्तित्व की बस कुछ कहानियाँ
जो चली उनसे दो-तीन सतह नीचे
फिर खो गयी वो भी कहीं
न जान पाने की वजह से
न दोहराए जाने की वजह से

कितना खाली होता है वो सूनापन
जब इस झाड़ीदार समकालीनों के बीच
एक आदमी पड़ जाता है अकेला
न बचा पिछला कोई
न ख्वाहिश अगलों की
केवल वो- बिलकुल अकेला

ढूँढता गर्मी जहाँ मिल जाए
जिससे मिल जाए
प्रेयसी की बाहों में
तवायफ की कराहों में
बचाता है खुद को
अपनी व्यवसाय की चादर ओढ़
इस दाँत कटकटाने वाली ठिठुरन से
लेकर अपनी लतों की गर्मी
और कर दोस्तों के साथ कुछ दूर चहल कदमी
पर अब ये मित्र पहले जैसे कहाँ?
ये भी हैं अब व्यस्त
इस वृक्ष की पालन पोषण में
अपनी उपज की जिम्मेदारियों से
ताकि चले उनकी भी कहानी
कुछ और आगे

और ऐसे ही चलता रहता है कश्म-कश
उस अकेले का खालीपन से
कभी कुछ पुरानी आदतें काम आ जाएँ
तो कभी कोई नया शौक
मतलब ज्यादा नहीं रहता
कि कौन है, कौन नहीं
पर होता है संदेह
कौन-कौन हो सकते थे ?
फिर एक दिन हो जाती
है उसकी कहानी ख़त्म
और साथ ही इसके
कई सदियों से चली आ रही वो एक बहाव भी-
उसकी तस्वीर अब
किसी फ्रेम पे नहीं सजेगी
उसे कैसा संगीत पसंद था
ये चर्चा कभी न होगी

पर बात यहाँ ख़त्म नहीं होती-

एक इंसान के वजूद का माप
उसके परिजनों में बसी
उसकी जमी यादों के गहराई
से नहीं करते
बल्कि उसकी पुष्टि होती है
गैरों के ज़हन में
बार बार दोहराई
उसकी बसर ज़िन्दगी की कल्पना से



Tuesday, September 28, 2010

चला दो गोली



स्केच पेन है हथगोला
पेंटिंग ब्रश है तोप
पाईलौट पेन है मशीन गन
लीड पेन है पिस्तौल
और एक कलम रिवॉल्वर

एक खाली रिवॉल्वर
उतना ही सुन्दर दिखता है
जितना की एक भरी कलम

पर कलम से कागज़ कुरेदने को
केवल एक शौक़ बनाने से बेहतर है
खतरनाक सोच की कारतूस डाल
तमन्चे का घोड़ा दबाना




जिज्ञासा एक बालक की जो गणित में पास न हो सका



एक पहुँचा संत
उठा के पत्थर
अगर फोड़ दे मेरा सर
तो इसे क्या समझूँ ?

मेरी बात का विषैलापन
या उसके साधना की विफलता ?

क्यूँ हो जाती है फाँसी माफ़
उस जघन्य अपराधी की
जब वो कर लेता है ख़ुदकुशी ?


मेरे चिट्ठे को लौटा देती
गुस्से से, बिन दिए जवाब
पर आकर बैठती मेरे ही बगल
दोनों सेक्शन की संयुक्त क्लास में

ये हमारी समीपता है या समापन ?




मेढक की बेहूदगी पे



मेढक तुमसे बड़ा ढक
शायद की कोई जंतु मैने देखा है

टेंके रहते हो घुटना हरदम
किसी हीन भावना से ग्रस्त
रंगवाये हो अपनी पीठ सबसे
नालायक चित्रकार से
शायद इसलिए ही नहीं हो
किसी भी देवता की सवारी-
पर माँग बहुत है तुम्हारी साँपों के बीच
लगती है बोली पे बोली और
लुटाते हो प्रसाद बनकर
जब हपकने आती तुम्हे साँपों की टोली


यही सब देखकर
चुना है तुम्हें
एन. सी. ई. आर. टी. वालों ने
चीराने के लिए
दसवीं कक्षा के
बायोलॉजी लैब में-

और मज़ा कितना आता है
छात्रों को
तुम्हें प्लास्टिक बैग में
धर दबोच,
उल्टा लेटा,
चाकू चलाने में

अपने
पाठ्यक्रम के अनुसार



Monday, September 27, 2010

धूमकेतु



इस अंडज ब्रम्हाण्ड के किसी ओर से
निकल पड़े चमकाते अपनी तलवार
लेकर ये ज्वाल, ये आलोक , ये उबाल
कर न सका कोई क्षतिग्रस्त
न कोई पाया तुम्हें लपेट
न ही तुम सुस्ताये बन अतिथि किसी के
चल रहा तुम्हारा यात्रा निर्विघ्न
जाने सृष्टि के किस काल से
देखा तुमने क्रोधित मुनि कपिल का शाप
फिर देखा भागीरथ को स्तुति में लीन
आज देख रहे यहाँ गंगा का बहता चाप

रहो तीव्रता से ऐसे ही गतिमान तुम
कि हो दृष्टिगत जिसे भी
हो जाए उनकी सोती जीवन अवगत
एक खुले विशाल आह्वान से,
और चमक पड़े मनस्व पटेल सदैव के लिए
इस जगमगाती चौंध से

जो देख ले कोई बच्चा
तो माँगे पापा से
तुम्हारे जैसा ही रॉकेट
अगली दिवाली



जीवन पूर्णतः व्यतीत करने का मंत्र




ज़िन्दगी जीता है बस वही भरपूर
जो समय नदी में
वर्तमान के लोटे से
है नहाता निश्चिंत।

भविष्य की बाल्टी
तो होती है कितनी भारी
और भूत के बर्तन का पानी
तो हो चला कितना बासी

बस रखो अपने साथ
ये वर्तमान का लोटा

घबराने की बात नहीं
इस लोटे में है खुर्ची
तुम्हारी अतीत की यादें
रहेंगी साथ जो सदा इस लोटे के साथ-
बस चमकाते रहना
बीच-बीच में
इसे
अपने सुंदर सपनों से

बस और कुछ नहीं
कुछ भी नहीं।

चलो
लगाओ अब
बस एक लोटा एक बार में

हर हर महादेव




रखना मगर ख्याल से



तुम्हारे लिए हैं ये शब्द
चुनकर बस ये ही शब्द
जो बयान करते हैं अपने मायने
जो है अब मेरा भी मतलब तुमसे

पर शब्दों से ज्यादा अहम है
जो आँखों में दिखता है
जो दिल में उबलता है
इन शब्दों का क्या ?
ये तो हैं मात्र
साथ लटकते तार पे कुछ अक्षर
जिनमे से कुछ उड़ भागते हैं
जब आती है हवा जोड़ से-
बदल जाते हैं शब्द फिर
नहीं रहते वही मायने


ये कुछ एहसास हैं तुम्हारे ही लिए
डरते थे ये तुम्हारी परिधि में प्रत्यक्ष होने से
बाँध के लाया हूँ बड़ी मुश्किल से इन्हें एक साथ

संभाल के रखना इन्हें
अगर न हो ठीक से देखभाल इनका
तो ये दिखने लगते हैं अलग-
पर ऐसा भी न करना कि
इन्हें सर पर ही चढ़ा दिया
और अत्यधिक खिला-पिला के कर दिया
इतना चौड़ा
कि देनी पड़ जाए इनकी बलि
हमारे रिश्ते की चौखट में




Sunday, September 26, 2010

इतने बड़े होकर भी कर दी पैंट में पेशाब ?



मार के कराटे
कर देते थे तुम लाल ईंटा को ध्वस्त
और रख के रुमाल, बर्फ़ को चकनाचूर
तोड़वा लेते थे हॉकी स्टिक अपने मजबूत पेट में-
क्यूँ छुपा के चल रहे हो अपने तोंद को आज ?

ससर रहा है पेजामा
तशरीफ़ में चाबुक के निशान
लगता है चल गया हंटर वहाँ जोर से
और जब तुम्हारे चहेते अल्सेशियन ने ही
कुतर दिया चूतड़ तुम्हारा
तो नर्स को दिखाते आ रही शर्म?

तुम्हारी पशुता ने ही आज कर डाली
तुम्हारी पैंट गीली
अब पड़े रहो ऐसे ही बेबस
एक उल्टे तेलचट्टे की तरह



शहर में पढ़ाई-लिखाई



पूरा नाम : बजरंग प्रसाद सिंह
पिता का नाम: बनवारी प्रसाद सिंह
गाँव: सतौल
थाना: हिरोडीह
जिला: लखनपुरा

जंघिया : जॉकी, कम्फर्ट स्ट्रेच, साइज़- मीडियम




कोतरा रोड में डरो रात को



काले कढ़ाई की कोख से जन्मे
तेल स्नानित पूड़ियों के लुटेरे
लाइन से हैं बैठे बेंच में शांतिपूर्वक
जो खुला इनका मुँह तो निकला
गोलियों का गुह

कामी उत्पीड़कों का समूह
भीड़ गया अपने आप में
लंगड़ी मार पटक रहा
एक दूसरे को कादो में

भागी रही बचा-खुचा दबोच
बालायें जंगलों की ओर
हाँफ गयी दौड़ते - दौड़ते
शिकारी आ सकता पीछे से कभी भी

काट रही बुढ़िया कुकुरमुत्ता हँसुआ से
जला हलकी ढिबरी
हो गयी है याद्दाश्त कम-
अब खेलते ईंट की बुकनी
उसकी जुओं से आँख मिचौली

गिर रहे हैं धावक
एक के बाद एक
शब्द रह गए क़ैद सीने की पिंजड़ों में
अब मत पिलाओ ग्लुकोज़-
कराओ इनका ब्लड टेस्ट

हो रहा पागलखाने के बाहर
बनबिलाड़ और झबरे कुत्ते में लड़ाई
ढेला है पड़ा काफी आस पास यहाँ


जब गीदड़ की मौत आती है तो
वो शहर की तरफ भागता है



कविताओं का वितरण समारोह



बाँट रहा हूँ
अपनी चन्द कवितायें
लूझ लो झट से
हो रही इनकी हरी लूट

काम आ जाएँगी ये तुम्हें
बेबसी की रात में,
जब प्यार की बदहजमी
दें किलकारें
और चिल्लाओ तुम 'बाप-बाप'
जब हो न सके कुछ और सहन
और बन के लंगटा बाबा
निकलना पड़े देशाटन पे

चाट लो या खा लो
पर छिलका ज़रूर फ़ेंक देना
वरना ये बेअसर रहेंगे
ध्यान रहे
लेना इसे तब तक
जब तक अगले दिन प्रातः काल
ये मूत बनके न निकले

रख लो निःशुल्क ये सौगात
समझकर एक हमदर्द की तरफ से




रमेश लव प्रिया



स्कूल की मेज में,मिनी बस की सीट पे,
बस स्टॉप की दीवारों पे ,
लोकल ट्रेन के दरवाज़े पे,
पुरुष शौचालय में पहुँच सकती
मूत्र धार से काफ़ी ऊपर,
और पिकनिक स्थल के बड़े-बड़े
चट्टानों में भी
उतनी ही बड़ी अक्षरों से-

हर तरफ है बसा तुम्हारा ही प्रेम
रमेश।

चिंता की कोई ज़रूरत नहीं
प्रिया को भी है तुमसे उतनी ही मोहब्बत-
दो-तीन बार नस काटी होगी तुमनेएक-आध बार चूहे का विष भी
नीलकंठ जैसा साहसी हो
किया गया होगा तुमने धारण

इसलिए आज तुम्हे सजाना अच्छा लगता है दुनिया को-
अपने प्यार के इकरार से,इसलिए ही दिखाना अच्छा लगता है दुनिया को
फल अपनी तपस्या का-
जब पीछा किया करते थे अपने चाचा की
मोटरसाईकिल से,
पहचानते हर उस गली को
जहाँ से वो गुज़रती
और रहते सजग, सर्वव्यापी हमेशा
अपने सनम की आशिकी में

पर ये तो बताओ कहाँ से लाया
उतना चूना
उस बड़ी चट्टान की पुताई के लिए ?



Saturday, September 25, 2010

मामूली सा चाँद इस शहर का




















यहाँ की पृष्ठभूमि है इमारतें-
घरों के पीछे घर
घरों के ऊपर घर

ये शहर शहर नहीं
है अब आँगन
इन्हीं इमारतों के बीच घिरा

कभी कभी चाँद भी दिख जाता होगा
लोगों को फुर्सत में,
जब एक उजाले के स्त्रोत
को ले कर वो हो जाते होंगे विस्मित
और ताकते होंगे ठीक ऊपर।

मुँह और चाँद आमने-सामने
आज कितने दिनों बाद
इस शहर में ।


सँपेरे की तलाश



















दूह गया धामिन
जरसी गायों को
ग्वाले के सन्नाटे में।
मोह लिया गेहूँमन की आँखों को
सँपेरे की बीन ने।
पकड़ा गया विधुर बाप अकास्मात
करता हस्तमैथुन अपनी दासी की लोभ में
उसकी काली वीर्य की फुँकार ने
तुम्हें बदसूरत बना दिया
बन गयी हो तुम एक सस्ती लाश
और ये हैं तुम्हारे खरीदार।

जाकर पकड़ लाओ तुम भी एक दुर्दांत सँपेरा
और मत घुमा करो अकेले ऐसे सन्नाटे में।


आकाश की एक अप्सरा


















तैर रही तुम गंगा में निर्वस्त्र
हवा के धीमे झोंकों के साथ
दूर मछुवारे मार रहे मछली अपनी धुन में
चाँदनी छिंटी हलकी चारों ओर
योगियों के हल्के गेरुवे परिधान
लटके रस्सी पर इस पार
ठंडा बालू टिमटिमाता उस पार

निकल कर आ रही तुम
इस
बैंगनी पानी से
लालटेन की हलकी आँच में
बचाते अपने पावों को
सीढ़ियों में टर्र-टर्राते मेढ़क के बच्चों से
इन झींगुरों के पावन पर्व के
मंत्र उच्चारण के बीच
लपेटते अपने उड़न-खटोले बाल
केंचुए जैसी ऊँगली से
पीछे छोड़ते धार पानी का
अपनी नाज़ुक एड़ियों से

और फिर टंगे कपड़ों के पीछे
कपड़ों में धीरे-धीरे लिपट
तुम आ गयी अब मेरे समीप

स्वर्ग तो ये ही है
तुम्हारा वाला कुछ और होगा



देखने का नज़रिया




















गंगा का पानी-
माइक्रोस्कोप लगा कर देखो
तो लाखों कीटाणु,
लोगों के मैल,
लाशों के कीड़े,
सूजे कुत्तों के झड़े रोम,
और जन्म-जन्म का पाप।


अब दूरबीन लगा कर देखो
स्वच्छ,
सुन्दर,
हवादार,
सदा बहती
संग अपने ले इतने सारे नाव
और जन्म-जन्म का पाप।


सब कुछ निर्भर है दृष्टिकोण पे।
तुम्हें क्या दिख रहा है?